चॉकलेट पैकेट में छुपा कर लाया गया 2.7 किग्रा ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ बरामद, एक गिरफ्तार
चॉकलेट पैकेट में छुपा कर लाया गया 2.7 किग्रा 'हाइड्रोपोनिक गांजा' बरामद, एक गिरफ्तार
नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने थाईलैंड के फुकेट से आए एक यात्री को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चॉकलेट के पैकेट्स में छिपाकर लाया गया 2.7 किलोग्राम संदिग्ध ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ बरामद हुआ है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ एक उच्च गुणवत्ता और अधिक असरदार किस्म का गांजा होता है जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है।
अधिकारियों के अनुसार, दो अगस्त को फुकेट से पहुंचे इस यात्री को उस समय रोका गया जब वह सीमा शुल्क विभाग का ग्रीन चैनल पार कर चुका था।
बयान में कहा गया है कि जब उसके सामान की एक्स-रे जांच की गई तो अधिकारियों को कुछ संदिग्ध आकृतियां नज़र आईं। इसके बाद बैग की गहन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान चार पैकेट बरामद हुए जिनमें हरे रंग का संदिग्ध पदार्थ भरा था। जांच में इसके ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ होने का संदेह जताया गया।
अधिकारियों ने बताया कि चॉकलेट के पैकेटों के भीतर छुपाकर रखे गए इन पैकेटों का कुल वजन (पैकिंग सामग्री सहित) 2,759 ग्राम था।
बयान के मुताबिक, यात्री को ‘स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985’ की धारा 43(बी) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं संदिग्ध गांजे और पैकिंग सामग्री को अधिनियम की धारा 43(ए) के तहत जब्त कर लिया गया है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


