‘इग्नाइटेड माइंड्स’ पहल के 27 छात्रों ने नीट परीक्षा में हासिल की सफलता: सेना

Ads

'इग्नाइटेड माइंड्स' पहल के 27 छात्रों ने नीट परीक्षा में हासिल की सफलता: सेना

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 10:13 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 10:13 PM IST

जम्मू, 21 जुलाई (भाषा) सेना की ‘अखनूर इग्नाइटेड माइंड्स’ पहल के तहत नामांकित सभी 27 विद्यार्थियों ने मेडिकल की प्रवेश परीक्षा नीट उत्तीर्ण कर शत-प्रतिशत सफलता का रिकॉर्ड बनाया है। रक्षा प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह शानदार उपलब्धि सेना, सार्वजनिक क्षेत्र की रक्षा कंपनी आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (एवीएनएल) और गैर-सरकारी संगठन नेशनल इंटीग्रिटी एंड एजुकेशनल डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (एनआईईडीओ) के समर्पित मार्गदर्शन और अटूट सहयोग का परिणाम है।’’

उन्होंने कहा कि इस पहल ने आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, शैक्षणिक मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन उपलब्ध कराकर उन्हें चिकित्सा के क्षेत्र में करियर बनाने के अपने सपने को साकार करने में मदद की है।

रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि इन छात्रों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और आर्थिक व सामाजिक बाधाओं को पार करने की क्षमता का प्रमाण है। साथ ही, यह जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर के क्रॉस्ड स्वॉर्ड्स डिवीजन द्वारा सामुदायिक संपर्क के माध्यम से शिक्षा और युवा सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों को भी रेखांकित करती है।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश