नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य नदीमुल हक ने 20 जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर चर्चा के लिए बुधवार को राज्यसभा में नियम 267 के तहत नोटिस दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, हक ने 20 जुलाई को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की ‘‘ज्यादती’’ पर तत्काल चर्चा कराने की मांग करते हुए कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनहित का विषय है और इस पर चर्चा के लिए सदन की निर्धारित कार्यवाही स्थगित की जानी चाहिए।
विपक्ष प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने बीस जुलाई को केंद्रीय दिल्ली में लागू निषेधाज्ञा के बावजूद संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया था।
इस घटना के बाद से कई विपक्षी दल संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं।
राज्यसभा की कार्यवाही के संचालन संबंधी नियम 267 के तहत, सभापति की अनुमति से कोई सदस्य अत्यंत महत्वपूर्ण जनहित के किसी मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए सदन की निर्धारित कार्यवाही स्थगित करने का अनुरोध कर सकता है।
भाषा मनीषा सिम्मी
सिम्मी