भुवनेश्वर, 15 दिसंबर (भाषा) ओडिशा में मंगलवार को कोविड-19 के 300 नए मामले सामने आए, जिससे तटीय राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3,24,389 हो गए, जबकि बीमारी के कारण चार और मरीजों की मौत होने से इस महामारी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,815 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राज्य के 30 में से 26 जिलों में कोरोना वायरस के नए मामले सामने आए हैं। नए मामलों में से 174 विभिन्न पृथक-वास केंद्रों से आए हैं और शेष मामले स्थानीय-संपर्क पहचान के दौरान सामने आए हैं।
अधिकारी ने बताया कि अंगुल में सबसे अधिक 44 नए मामले सामने आए हैं, उसके बाद खुर्दा में 36 और सुंदरगढ़ में 34 मामले आए हैं।
उन्होंने कहा कि चार जिलों- बौध, गजपति, कंधमाल और मलकानगिरी में पिछले 24 घंटों के दौरान कोई नया मामला सामने नहीं आया।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने ट्विटर पर कहा, ‘अस्पतालों में इलाज के दौरान चार कोविड रोगियों के निधन की दुखद सूचना है।’
ये मौतें मयूरभंज, जगतसिंहपुर और संबलपुर में हुई हैं।
ओडिशा में अब 3,063 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 3,19,458 मरीज अब तक बीमारी से उबर चुके हैं।
राज्य में अब तक कोविड-19 के लिए 64.37 लाख से अधिक नमूनों की जांच हो चुकी है। संक्रमण दर 5.04 प्रतिशत है।
भाषा कृष्ण उमा
उमा