सीआरपीएफ में दो महिलाओं समेत 46 प्रशिक्षु अधिकारी सहायक कमांडेंट नियुक्त

सीआरपीएफ में दो महिलाओं समेत 46 प्रशिक्षु अधिकारी सहायक कमांडेंट नियुक्त

सीआरपीएफ में दो महिलाओं समेत 46 प्रशिक्षु अधिकारी सहायक कमांडेंट नियुक्त
Modified Date: April 22, 2026 / 04:45 pm IST
Published Date: April 22, 2026 4:45 pm IST

गुरुग्राम, 22 अप्रैल (भाषा) देश के सबसे बड़े अर्द्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में बुधवार को अकादमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद दो महिलाओं सहित 46 प्रशिक्षु अधिकारियों को सहायक कमांडेंट के रूप में नियुक्त किया गया।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने परेड की सलामी ली।

हरियाणा के गुरुग्राम स्थित कादरपुर गांव में सीआरपीएफ अधिकारियों की प्रशिक्षण अकादमी में युवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने उनसे देश के सबसे “चुनौतीपूर्ण” आंतरिक सुरक्षा क्षेत्रों में काम करने वाले जवानों को “मजबूत नेतृत्व” देने का आह्वान किया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नव नियुक्त अधिकारी जल्द ही सीआरपीएफ की विभिन्न परिचालन इकाइयों में शामिल होंगे और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद रोधी अभियानों, पूर्वोत्तर में उग्रवाद रोधी कार्यों और विभिन्न राज्यों में नक्सल रोधी अभियानों में तैनात किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि ये अभ्यर्थी मार्च 2025 में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित अखिल भारतीय परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद सीआरपीएफ में प्रशिक्षु के रूप में शामिल हुए थे।

सीआरपीएफ गृह मंत्रालय के अधीन पांच केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में से एक है।

अधिकारी ने कहा, “56वीं डायरेक्टली अपॉइंटेड गजेटेड ऑफिसर्स (डीएजीओ) बैच के 46 प्रशिक्षुओं में दो महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने युद्ध कौशल, प्रशासन और नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में 52 सप्ताह का प्रशिक्षण प्राप्त किया।”

उन्होंने बताया, “बुधवार को आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद उन्हें सहायक कमांडेंट (एसी) का पहला रैंक प्रदान किया गया।”

ये अधिकारी 14 राज्यों से आते हैं। इनमें 19 बीटेक डिग्रीधारक, 11 स्नातकोत्तर और 16 स्नातक उत्तीर्ण हैं।

मंत्री ने अधिकारियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया।

सीआरपीएफ के महानिदेशक (डीजी) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। अधिकारियों ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की निगरानी के लिए वहां मौजूद हैं।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में