अहमदाबाद, पांच अप्रैल (भाषा) अहमदाबाद के एक छात्रावास की कम से कम 57 लड़कियों को रविवार को तबीयत खराब होने पर खाद्य विषाक्तता के संदेह में अस्पताल ले जाया गया। नगर प्रशासन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 18 छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के चिकित्सा अधिकारी डॉ. भाविन सोलंकी ने बताया कि मेमनगर क्षेत्र के सौराष्ट्र पटेल छात्रावास की 57 छात्राओं को अपराह्न में पेट दर्द, दस्त और उल्टी की शिकायत हुई।
डॉ. सोलंकी के मुताबिक बीमार छात्राओं को तुरंत स्टर्लिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां 18 छात्राओं को भर्ती किया गया है जबकि अन्य को निगरानी में रखा गया है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि छात्रावास में इस समय करीब 900 छात्राएं रह रही हैं।
प्रारंभिक जांच के हवाले से उन्होंने कहा कि कुछ छात्राओं ने बाहर का खाना खाया था, जबकि कुछ ने छात्रावास में भोजन भी किया था।
डॉ. सोलंकी ने कहा, “एएमसी की एक टीम ने भोजन के नमूने एकत्र कर लिए हैं और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।”
भाषा रवि कांत प्रशांत
प्रशांत