‘मिशन रिकनेक्ट’ के तहत 1.25 करोड़ रुपये मूल्य के 580 चोरी हुए फोन लौटाए गए
‘मिशन रिकनेक्ट’ के तहत 1.25 करोड़ रुपये मूल्य के 580 चोरी हुए फोन लौटाए गए
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस के ट्रांसपोर्ट रेंज ने अपने ‘मिशन रिकनेक्ट’ के तहत 1.25 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 580 चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटा दिए। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह पहल 79वें दिल्ली पुलिस सप्ताह समारोह के अंतर्गत की गई।
अधिकारी ने बताया कि 580 फोन में से 266 मेट्रो इकाई ने, 188 रेलवे इकाई ने और 126 आईजीआई हवाई अड्डे ने बरामद किए।
अधिकारी ने बताया, ‘कश्मीरी गेट पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां लगभग 155 पीड़ित अपने बरामद मोबाइल फोन प्राप्त करने के लिए उपस्थित थे।’
मोबाइल फोन उनके असल मालिकों को सौंपने की कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त (परिवहन) मिलिंद महादेव डुंबरे, मेट्रो के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह और डीसीपी (आईजीआई) विचित्र वीर की उपस्थिति में हुई।
अधिकारी ने कहा कि चोरी हुए उपकरणों का पता लगाने के लिए ‘सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर’ (सीईआईआर) पोर्टल का उपयोग किया गया और गहन क्षेत्रीय अभियानों के माध्यम से उपकरणों की बरामदगी की गई।
अधिकारी ने कहा, ‘हमने मोबाइल चोरी के खिलाफ लक्षित अभियान तेज कर दिए हैं, खासकर मेट्रो स्टेशनों, ट्रेनों और हवाई अड्डे के टर्मिनलों जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में।’
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


