ओडिशा में कोविड-19 के 602 नये मामले, छह मरीजों की मौत

ओडिशा में कोविड-19 के 602 नये मामले, छह मरीजों की मौत

ओडिशा में कोविड-19 के 602 नये मामले, छह मरीजों की मौत
Modified Date: November 29, 2022 / 07:49 pm IST
Published Date: September 30, 2021 3:18 pm IST

भुवनेश्वर, 30 सितंबर (भाषा) ओडिशा में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 602 नये मामले सामने आये जिसके बाद प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,26,476 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। नये संक्रमितों में 96 बच्चे एवं किशोर भी शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में संक्रमण से छह और मरीजों की मौत हो गयी जिसके बाद कोविड-19 महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 8,198 हो गयी है।

संक्रमण के नये मामलों में 353 मामले पृथकवास केन्द्रों से सामने आए जबकि शेष 249 मामलों का पता स्थानीय संपर्क के जरिए चला।

खुर्दा जिले में सर्वाधिक 283 नये रोगी मिले, राजधानी भुवनेश्वर भी इसी जिले का हिस्सा है। इसके बाद कटक में संक्रमण के 54 नये मामले सामने आए। इस दौरान छह ऐसे जिले रहे जहां कोरोना वायरस संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया।

खुर्दा और केन्द्रपाड़ा जिले में कोविड-19 से दो-दो मरीजों की मौत हुई जबकि अंगुल और जगतसिंहपुर जिले में संक्रमण से एक-एक मरीज की जान गयी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में अभी 5,642 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि अब तक 10,12,583 लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान 467 मरीज ठीक हुये हैं।

राज्य में अब तक 1.99 करोड़ से अधिक नमूनों की कोविड-19 जांच हो चुकी है, जिसमें से 68,254 नमूनों की जांच बुधवार को हुई। संक्रमण की दर 5.14 प्रतिशत हो गयी है। ओडिशा में अब तक 78,81,503 लोग कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं।

भाषा

रवि कांत मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में