बेंगलुरु में दुकान से 70 किलोग्राम चांदी के गहनों की चोरी
बेंगलुरु में दुकान से 70 किलोग्राम चांदी के गहनों की चोरी
बेंगलुरु, एक मई (भाषा) बेंगलुरु में अज्ञात बदमाशों ने एक आभूषण की दुकान में कथित तौर पर सेंधमारी की और लगभग 70 किलोग्राम चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 28 अप्रैल को हावनूर के पास आभूषण की एक दुकान में हुई।
पुलिस के अनुसार, दुकान की दीवार में छेद कर आरोपी पीछे से परिसर में घुसे।
यह घटना 28 अप्रैल को सुबह करीब सात बजे तब सामने आई जब दुकान के कर्मियों ने परिसर खोला और वहां जबरन प्रवेश के निशान तथा इमारत के पिछले हिस्से में व्यापक क्षति देखी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले में प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, करोड़ों रुपये मूल्य के लगभग 70 किलोग्राम चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। आलमारी में रखे ज्यादातर चांदी के सामान गायब हैं। हालांकि, लॉकर में रखे कीमती सामान सुरक्षित हैं।
पुलिस ने बताया कि दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे। आसपास लगे कैमरों के फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि अपराधी बगल की एक दुकान का ‘डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर’ भी साथ ले गए।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में बगलागुंटे थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान करने तथा उन्हें पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश

Facebook


