स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 70 लाख राष्ट्रीय ध्वज बांटे जाएंगे: शुभेंदु अधिकारी

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 70 लाख राष्ट्रीय ध्वज बांटे जाएंगे: शुभेंदु अधिकारी

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 70 लाख राष्ट्रीय ध्वज बांटे जाएंगे: शुभेंदु अधिकारी
Modified Date: August 6, 2026 / 07:00 pm IST
Published Date: August 6, 2026 7:00 pm IST

कोलकाता, छह अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार स्वतंत्रता दिवस से पहले 70 लाख राष्ट्रीय ध्वज वितरित करेगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि राज्य इस साल पहली बार केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल हो रहा है।

शुभेंदु ने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत तिरंगे सभी जिलों, अनुमंडलों, नगरपालिकाओं और प्रखंडों में वितरित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए इस अभियान में सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सांस्कृतिक संगठनों, युवा संगठनों और आम जनता की भागीदारी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल के तहत महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों, विरासत स्थलों और सांस्कृतिक संस्थानों को राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से रोशन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उद्योगों, होटल, शॉपिंग मॉल और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों से भी इस अभियान में भाग लेने का आग्रह किया गया है।

शुभेंदु ने बताया कि 10 अगस्त को कोलकाता में तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक 30,000 से अधिक लोगों ने इसमें भाग लेने में रुचि दिखाई है और इसमें शामिल होने वालों की संख्या करीब 50,000 तक पहुंचने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत के मौके पर वह अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी तिरंगा रैली का आयोजन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने लोगों से राजनीतिक संबद्धता से ऊपर उठकर इसमें भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है।

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में