ओडिशा में 71 क्विंटल मिलावटी पनीर और 66 किलो बासी खाद्य सामग्री जब्त
ओडिशा में 71 क्विंटल मिलावटी पनीर और 66 किलो बासी खाद्य सामग्री जब्त
भुवनेश्वर, 20 अगस्त (भाषा) खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पिछले दो दिनों में भुवनेश्वर और कटक के विभिन्न मॉल एवं दुकानों में छापेमारी कर 71 क्विंटल मिलावटी पनीर और 66 किलोग्राम बासी खाद्य सामग्री जब्त की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा आयुक्त पोमा टुडू के निर्देश पर क्षेत्रीय अधिकारियों ने 18 और 19 अगस्त को दोनों शहरों में स्थित दुकानों और रेस्तरां में छापेमारी करके इसे जब्त किया।
कटक शहर में कटक नगर निगम (सीएमसी) की संयुक्त प्रवर्तन टीम ने छापेमारी के दौरान 17.75 लाख रुपये मूल्य का मिलावटी पनीर जब्त किया।
अधिकारियों ने बताया कि नमूने एकत्र कर विस्तृत रासायनिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह भुवनेश्वर में भी नामित अधिकारी सत्यजीत पटेल के नेतृत्व में पिछले दो दिनों के दौरान विभिन्न मॉल और अन्य स्थानों पर संयुक्त छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 66 किलोग्राम बासी और अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री जब्त की गई। जांच के लिए 10 नमूने एकत्र किए गए और छह खाद्य सेवा इकाइयों को बंद करने के नोटिस जारी किए गए।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


