कृष्णा नदी के पानी में तेलंगाने के अधिकारों की रक्षा हो : दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद बैठक में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री

कृष्णा नदी के पानी में तेलंगाने के अधिकारों की रक्षा हो : दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद बैठक में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री

कृष्णा नदी के पानी में तेलंगाने के अधिकारों की रक्षा हो : दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद बैठक में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री
Modified Date: August 20, 2026 / 09:02 pm IST
Published Date: August 20, 2026 9:02 pm IST

हैदराबाद/चेन्नई, 20 अगस्त (भाषा) तमिलनाडु में चेन्नई के पास आयोजित दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने कृष्णा नदी के पानी में राज्य के अधिकारों की रक्षा और प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता की मांग की।

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के विदेश दौरे पर होने के कारण विक्रमार्क ने इस बैठक में तेलंगाना का प्रतिनिधित्व किया।

विक्रमार्क ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “तेलंगाना अंतर-राज्यीय मामलों का एक न्यायसंगत, समयबद्ध और कानूनी रूप से मान्य समाधान चाहता है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि स्थापित वैधानिक तंत्र का सम्मान किया जाए और सभी पर एक ही नियम लागू हों।”

उन्होंने कहा कि तेलंगाना कृष्णा नदी के पानी में कोई विशेषाधिकार नहीं चाहता है, बल्कि स्थापित कानूनी ढांचे के माध्यम से अपनी वैध पात्रता और निचले प्रवाह के अधिकारों का संरक्षण चाहता है।

उपमुख्यमंत्री ने कालेश्वरम और पालमुरु-रंगारेड्डी लिफ्ट सिंचाई योजनाओं के लिए केंद्रीय वित्तीय सहायता की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2014 की अनुसूची नौ और 10 के तहत पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के साथ लंबित मुद्दों के जल्द और नियमानुकूल समाधान पर जोर दिया।

यह ध्यान दिलाते हुए कि राज्य स्वाभाविक रूप से निवेश और नौकरियों के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं, उन्होंने कहा कि जल सुरक्षा, ऊर्जा ग्रिड, जलवायु परिवर्तन से मुकाबला और लॉजिस्टिक्स जैसी साझा चुनौतियां सीमाओं से परे हैं और इनके लिए आपसी सहयोग आवश्यक है। परिषद को लंबी चर्चाओं से आगे बढ़कर ठोस फैसलों और उनके कार्यान्वयन की ओर बढ़ना होगा।

विक्रमार्क ने कहा, “अगर दक्षिण भारत एक साथ आगे बढ़ता है, तो भारत की विकास दर और तेज होगी।”

भाषा सुमित प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में