नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) दक्षिण दिल्ली के सैनिक फार्म इलाके में तीन लोगों ने एक 72 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर में घुसकर लूटपाट की, उन्हें पीटा और फिर अगवा कर लिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब आरोपी पीड़ित से 50 लाख रुपये की उगाही करने में विफल रहे तो उन्होंने पीड़ित और उनकी कार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर छोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि 36 घंटे की लंबी खोज के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीसरे संदिग्ध को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना दो मई को शाम करीब 7.45 बजे घटी।
अधिकारी ने बताया “बुजुर्ग व्यक्ति घर में अकेले थे जब तीन लोग जबरन उनके घर में घुस गए। आरोपियों ने उन्हें काबू में कर लिया, उसके साथ मारपीट की और टेप से उन्हें बांध दिया।”
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने अलमारी में रखे पांच लाख रुपये, दराज से 8,000-10,000 रुपये, बटुआ, तीन अंगूठियां और मोबाइल फोन सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए।
अधिकारी के मुताबिक, इसके बाद आरोपी पीड़ित को जबरन अपनी गाड़ी में बिठाकर मेरठ की ओर ले गए।
अधिकारी ने बताया, ‘यात्रा के दौरान अपहरणकर्ताओं ने पीड़ित से कथित तौर पर 50 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने पीड़ित को दुर्घटना का बहाना बनाकर किसी परिचित से 15 लाख रुपये का इंतजाम करने के लिए मजबूर किया।’
जब पीड़ित पैसे का इंतजाम करने में नाकाम रहा तो आरोपी ने उसे उसकी गाड़ी सहित हरियाणा के फिरोजपुर झिरका इलाके में दिल्ली-मुंबई राजमार्ग पर छोड़ दिया।
पीड़ित ने बाद में पुलिस से संपर्क किया और चिकित्सा परीक्षण कराया।
अधिकारी ने बताया कि परीक्षण में उनके शरीर पर मामूली चोटें मिलीं।
अधिकारी ने बताया, ‘इस घटना के संबंध में तीन मई को नेब सराय थाने को सूचना मिली, जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता की अपहरण, लूटपाट, मारपीट और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।’
उन्होंने कहा कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए, मामले की जांच और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, स्थानीय स्तर पर पूछताछ की और तकनीकी निगरानी का उपयोग करके आरोपियों की पहचान की।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘लगातार प्रयासों और 36 घंटे की खोज के बाद, पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के फतेहाबाद निवासी सुरेंद्र (31) और दिल्ली के कालकाजी की रहने वाली 40 वर्षीय महिला के रूप में हुई है।’
पुलिस ने पीड़ित की पहचान और अन्य विवरण सार्वजनिक नहीं किए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि लूटी गई नकदी में से चार लाख रुपये, पीड़ित का पर्स और कार बरामद कर ली गई है, साथ ही अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक एयर गन भी मिली है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश