केरलम के पलक्कड़ वन क्षेत्र में गांजे के 7,300 पौधे नष्ट किए गए

केरलम के पलक्कड़ वन क्षेत्र में गांजे के 7,300 पौधे नष्ट किए गए

केरलम के पलक्कड़ वन क्षेत्र में गांजे के 7,300 पौधे नष्ट किए गए
Modified Date: September 25, 2026 / 04:00 pm IST
Published Date: September 25, 2026 4:00 pm IST

पलक्कड़ (केरलम), 25 सितंबर (भाषा) केरलम के पलक्कड़ जिले के अट्टापडी के एक दुर्गम वन क्षेत्र में उगाए गए गांजे के करीब 7,300 पौधों को नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिलने के बाद जिला मादक पदार्थ रोधी विशेष कार्रवाई बल (डीएएनएसएएफ) और अगाली उप निरीक्षक हर्षद के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान पुदुर पंचायत में पोनक्कल माला और अंकन्यान चोला के बीच स्थित दुर्गम वन क्षेत्र में ये पौधे मिले।

अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे अभियान पर निकली पुलिस टीम ने खेती वाले स्थान तक पहुंचने के लिए खड़ी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इलाके में कई घंटे पैदल यात्रा की।

पुलिस ने बताया कि पोनक्कल माला और अंकन्यान चोला के बीच विशेष रूप से तैयार किए गए 160 क्यारियों में करीब डेढ़ महीने पुराने 1,600 गांजे के पौधे मिले।

उन्होंने बताया कि पोनक्कल माला के पूर्वी हिस्से में 475 क्यारियों में उगाए गए गांजे के 5,700 पूरी तरह विकसित पौधे भी बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, खेती करने वालों ने जंगल की धाराओं से पानी जमा किया था और पौधों की सिंचाई के लिए ड्रिप सिंचाई प्रणाली भी लगाई थी।

अधिकारियों ने बताया कि गांजे के पौधों को मौके पर ही आग लगाकर नष्ट कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि पुदुर पुलिस ने इस संबंध में दो मामले दर्ज कर गांजे की खेती में शामिल लोगों की पहचान के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार, अट्टापडी में 20 सितंबर को भी गांजे की एक बड़ी खेती का पता चला था।

भाषा नरेश

नरेश


लेखक के बारे में