कुरनूल, दो मई (भाषा) आंध्र प्रदेश में कुरनूल जिले के 26-वर्षीय एक युवक ने अमेरिका में कथित तौर पर कर्ज के बोझ से परेशान होकर हाल ही में आत्महत्या कर ली। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मृतक के परिवार वालों ने अनुरोध किया है कि मृतक की पहचान गुप्त रखी जाए, क्योंकि उसके माता-पिता बुजुर्ग हैं और कई बीमारियों से पीड़ित हैं।
इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने शोक व्यक्त किया और मृतक के पार्थिव शरीर को स्वदेश वापस लाने में सहायता का आश्वासन दिया।
लोकेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू से अनुरोध करता हूं कि वह पार्थिव शरीर के सुचारू और निर्बाध परिवहन को सुनिश्चित करें।’
अमेरिका में रहने वाले एक एनआरआई समुदाय के सदस्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि वैकल्पिक व्यावहारिक प्रशिक्षण (ओपीटी) के लिए कुरनूल से आए उनके एक सदस्य का कुछ दिन पहले शिकागो में निधन हो गया।
उन्होंने कहा कि तेलुगु एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका ने अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को भारत भेजने के वास्ते सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश