हरदोई में डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौत, चार अन्य गंभीर रूप से घायल

Ads

हरदोई में डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौत, चार अन्य गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 04:55 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 04:55 PM IST

हरदोई (उप्र), दो मई (भाषा) हरदोई के कोतवाली क्षेत्र में शनिवार तड़के सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक तड़के करीब पौने चार बजे मन्ना पुरवा के पास तेज रफ्तार डंपर ने कार और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

उसने बताया कि टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार युवक डंपर के नीचे दब गया और कार सवार लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा क्रेन की मदद से डंपर के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला गया।

पुलिस के अनुसार सभी घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान शहाबुद्दीनपुर के रामरहीस (45) और अरवल थाना क्षेत्र के श्रीमऊ गांव के आशीष शर्मा (30) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, रामरहीस सांडी में शादी समारोह से लौट रहे थे तथा कार में उनके साथ 13 वर्षीय पुत्र शोभित, बहनोई अरुण, चचेरा भाई शैलेंद्र और गांव के अनुराग शुक्ला भी थे। आशीष शर्मा बिलग्राम से शादी से लौटते समय हादसे का शिकार हुए।

पुलिस के मुताबिक चारों घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

नगर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकित मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली कि हरदोई-सांडी रोड पर मन्ना पुरवा के पास डंपर, कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

उन्होंने बताया कि घायल–रामरहीस और आशीष की मौत हो गई, जबकि अन्य चार का उपचार चल रहा है। सीओ ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार

राजकुमार