विजयन के खिलाफ प्राथमिकी के लिए ईडी के पत्र की कानूनी समीक्षा के बाद फैसला लिया जाएगा: सतीशन

Ads

विजयन के खिलाफ प्राथमिकी के लिए ईडी के पत्र की कानूनी समीक्षा के बाद फैसला लिया जाएगा: सतीशन

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 11:38 AM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 11:38 AM IST

तिरुवनंतपुरम, नौ सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले के सिलसिले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के संबंध में ईडी के पत्र की कानूनी तौर पर समीक्षा की जाएगी और उसके बाद कानून के अनुसार कदम उठाए जाएंगे।

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सतीशन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इसमें ‘‘कोई राजनीति नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) से संबंधित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से एक पत्र प्राप्त हुआ है। चूंकि एक केंद्रीय एजेंसी ने पत्र भेजा है, इसलिए फैसला लेने से पहले इसकी कानूनी रूप से समीक्षा की जाएगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कानून अपना काम करेगा।’’

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस का कोई दोहरा रवैया नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी से ईडी ने 50 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी, तब कांग्रेस ने उसके साथ सहयोग किया था और दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एजेंसी के वाहनों को नुकसान नहीं पहुंचाया था जैसा कि इस साल की शुरुआत में विजयन के किराए के आवास पर तलाशी के बाद केरलम में माकपा कार्यकर्ताओं ने किया।

उनकी यह टिप्पणी ईडी द्वारा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रावदा ए चंद्रशेखर को एक पत्र भेजकर विजयन, उनकी बेटी वीणा टी और उनके पति पी ए मोहम्मद रियाज तथा कुछ अन्य लोगों के खिलाफ कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले के सिलसिले में पीएमएलए के तहत की गई जांच और तलाशी के दौरान जुटाए गए ‘‘साक्ष्यों’’ के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग के बाद आई है।

ईडी ने आरोप लगाया है कि कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) ने ‘‘आईटी परामर्श सेवाओं’’ की आड़ में वीणा की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ को 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया। वीणा की यह कंपनी अब बंद हो चुकी है।

केंद्रीय एजेंसी ने वीणा से जुड़े परिसरों की जून में तलाशी ली थी और बाद में उनसे पूछताछ की थी।

भाषा खारी शोभना

शोभना