नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को घोषणा की कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर और 17 सितंबर को उनके जन्मदिन पर महीने भर का ‘सेवा संकल्प’ अभियान शुरू करेगी।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी का जन्मदिन ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा और समर्पण’ की मोदी की यात्रा तथा अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उनके प्रयासों को रेखांकित करने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रथम दिन यानी 17 सितंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उसी दिन शाम को सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। इस पूरे कार्यक्रम का स्पष्ट उद्देश्य यह दर्शाना है कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने निष्ठा के साथ जनसेवा की है।’’
नवीन ने कहा, ‘‘हम जन आशीर्वाद सामूहिक प्रदर्शन के रूप में प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। प्रत्येक लाभार्थी परिवारों द्वारा प्रधानमंत्री जी को आशीर्वाद देने के रूप में ये दीप जलाए जाएंगे।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह अभियान मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के दौरान लोगों के जीवन में आए बदलावों को रेखांकित करेगा।
नवीन ने कहा, ‘‘भाजपा मोदी की जनसेवा का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाएगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने महिला नेतृत्व संबंधी विकास की बात की, और उनके नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से जिस सफर की शुरुआत हुई, वो आज लखपति दीदी तक पहुंचा है।’’
नवीन ने कहा, ‘‘नारीशक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से देश की महिलाओं को उनका अधिकार देने और नीति निर्धारण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का हमारा प्रयास लगातार जारी है।’’
उन्होंने सरकार के कल्याणकारी उपायों को रेखांकित करते हुए दावा किया कि 25 करोड़ परिवारों को गरीबी से बाहर निकाला गया है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘जब उन्होंने (2014 में) देश का नेतृत्व संभाला, तो उस समय देश में निराशा और अंधकार का माहौल था। हमारी अर्थव्यवस्था को ‘फ्रेजाइल फाइव’ (पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं) में गिना जाता था, लेकिन आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में सामने है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘स्टार्टअप और यूनिकॉर्न के माध्यम से भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ‘स्टार्टअप नेशन’ बना है। हमारे युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनकर उभरे हैं। आज ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के माध्यम से भारत का युवा हर क्षेत्र में प्रतिनिधित्व कर रहा Nitin Nabin है। ’’
भाषा खारी वैभव
वैभव