तमिलनाडु में भागने की कोशिश कर रहा एक दुर्दांत अपराधी मुठभेड़ में मारा गया: पुलिस

तमिलनाडु में भागने की कोशिश कर रहा एक दुर्दांत अपराधी मुठभेड़ में मारा गया: पुलिस

तमिलनाडु में भागने की कोशिश कर रहा एक दुर्दांत अपराधी मुठभेड़ में मारा गया: पुलिस
Modified Date: January 27, 2026 / 08:30 pm IST
Published Date: January 27, 2026 8:30 pm IST

पेरम्बलूर (तमिलनाडु), 27 जनवरी (भाषा) तमिलनाडु के पेरम्बलूर जिले के तिरुमंथुरै के पास मुठभेड़ में एक दुर्दांत अपराधी मंगलवार को उस वक्त मारा गया जब हिरासत से भागने के प्रयास के दौरान उसने पुलिस उपनिरीक्षक पर कथित तौर पर हमला कर दिया और पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान कोट्टू राजा उर्फ ​​अझगुराजा के रूप में हुई है, जो हाल ही में एक अन्य कुख्यात अपराधी वेल्लई काली पर हुए हमले का मुख्य संदिग्ध था।

पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) (मध्य क्षेत्र) वी. बालकृष्णन ने एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान मुठभेड़ से पहले की घटनाओं का विस्तृत विवरण दिया।

पुलिस के अनुसार, 24 जनवरी को अदालत में पेशी के बाद वेल्लई काली को चेन्नई की पुझल केंद्रीय जेल वापस ले जा रहे वाहन पर अझगुराजा सहित 10 से अधिक लोगों के एक गिरोह ने देसी बम फेंके थे।

आईजी ने कहा, ‘‘इस हमले के दौरान एक पुलिसकर्मी की कई हड्डियों में फ्रैक्चर आया और मांसपेशियों में गंभीर चोटें आईं, जिसका इलाज फिलहाल कोयंबटूर में किया जा रहा है।’’

इस घटना के बाद मंगलामेडु थाने में हत्या के प्रयास और विस्फोटक पदार्थों से संबंधित मामले दर्ज किए गए। संदिग्धों को पकड़ने के लिए पांच विशेष टीम गठित की गईं।

बालकृष्णन ने कहा, ‘‘समूह के ऊटी में छिपे होने की गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने अझगुराजा को सोमवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। अझगुराजा का लंबा आपराधिक इतिहास था, जिसके खिलाफ पांच से अधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन के तीन मामले शामिल थे।’’

उनके अनुसार, पूछताछ के दौरान, अझगुराजा ने दावा किया कि उसने तिरुचि-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग के पास हथियार और देसी बम छिपा रखे थे।

मंगलामेडु के निरीक्षक मंगलवार सुबह उसे गुप्त रूप से रखे गए इन हथियारों को बरामद करने के लिए घटनास्थल पर ले गए।

बालकृष्णन ने कहा, ‘‘अझगुराजा ने अधिकारियों को पहले कई गलत स्थानों पर ले जाकर गुमराह किया। वास्तविक स्थान पर पहुंचने पर राजा ने अचानक पुलिस वाहन पर एक देसी बम फेंका, जिससे काफी नुकसान हुआ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब कुन्नम उपनिरीक्षक ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो अझगुराजा ने एक छिपाए हुए धारदार हथियार से उनपर हमला कर दिया। मंगलामेडु निरीक्षक ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो अझगुराजा के सिर में लगी।’’

उन्होंने आगे बताया कि एम्बुलेंस के आने में देरी के कारण पुलिस अझगुराजा को अपने वाहन से पेरम्बलूर सरकारी जनरल अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

आईजी ने बताया कि घायल उपनिरीक्षक का फिलहाल सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में