कॉजपा के विरोध-प्रदर्शन के कारण मध्य दिल्ली के स्कूलों में ‘हाइब्रिड’ कक्षाएं संचालित की जाएगी
कॉजपा के विरोध-प्रदर्शन के कारण मध्य दिल्ली के स्कूलों में 'हाइब्रिड' कक्षाएं संचालित की जाएगी
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन के मद्देनजर लागू यातायात प्रतिबंधों और दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदियों के कारण मध्य दिल्ली के कई स्कूलों ने कक्षाओं और परिवहन व्यवस्था में बदलाव किया है।
हुमायूं रोड स्थित आर.एस. जूनियर मॉडर्न स्कूल ने अभिभावकों को जारी परिपत्र में कहा कि नर्सरी से कक्षा पांच तक की पढ़ाई 24 जुलाई से अगले आदेश तक हाइब्रिड मोड (ऑफलाइन और ऑनलाइन) में होगी। घर से पढ़ाई करने वाले छात्रों को स्कूल की वर्दी पहनकर माइक्रोसॉफ्ट टीम्स के माध्यम से नियमित समय-सारिणी के अनुसार कक्षाओं में शामिल होने को कहा गया है।
स्कूल बसें पहले की तरह संचालित होंगी।
वहीं, सरदार पटेल विद्यालय ने मंगलवार और बुधवार को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के बाद बृहस्पतिवार से नियमित ऑफलाइन कक्षाएं फिर शुरू कर दीं। हालांकि, स्कूल ने यातायात प्रतिबंध वाले क्षेत्रों में रहने वाले छात्रों के अभिभावकों को परिवहन कर्मचारियों से समन्वय करने और आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को स्कूल या निर्धारित स्थान से लेने की सलाह दी है, क्योंकि सुरक्षा कारणों से बसों के मार्ग बदले जा सकते हैं।
इस बीच, चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया के दिल्ली डायोसिस ने सार्वजनिक परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए संस्थागत सुधारों की मांग की।
भाषा राखी रंजन
रंजन

Facebook


