2024 झारखंड मोटरसाइकिल धमाका मामला: एनआईए ने दो लोगों को गिरफ़्तार किया, 1,662 डेटोनेटर बरामद किए
2024 झारखंड मोटरसाइकिल धमाका मामला: एनआईए ने दो लोगों को गिरफ़्तार किया, 1,662 डेटोनेटर बरामद किए
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने झारखंड के कोडरमा जिले में वर्ष 2024 के मोटरसाइकिल विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में चार स्थानों पर छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 1,662 गैर-विद्युत डेटोनेटर भी बरामद किए गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एनआईए के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश मेहता और शंकर यादव के रूप में हुई है।
एजेंसी ने आरोप लगाया कि दोनों विस्फोटकों के अवैध भंडारण और सह-आरोपियों तक उनकी ढुलाई से जुड़े आपराधिक षड्यंत्र में सक्रिय रूप से शामिल थे।
एनआईए ने बताया कि छापेमारी के दौरान 1,662 गैर-विद्युत डेटोनेटर के अलावा पांच डिजिटल उपकरण और 16 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए।
एजेंसी के अनुसार, यह मामला वर्ष 2024 में सालतोरा क्षेत्र में मोटरसाइकिल में हुए विस्फोट से जुड़ा है, जिसमें विस्फोटकों की कथित रूप से अवैध ढुलाई कर रहे आरोपी जॉयदेब मंडल उर्फ बबलू मंडल की मौत हो गई थी।
एनआईए ने अक्टूबर 2024 में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।
जांच के दौरान एजेंसी ने बिना वैध लाइसेंस के विस्फोटकों की अवैध खरीद, भंडारण और परिवहन से जुड़े आपराधिक षड्यंत्र का खुलासा होने का दावा किया है। एनआईए अब विस्फोटकों के स्रोत और उन्हें कहां पहुंचाया जाना था, इसका पता लगाने में जुटी है।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


