प्रधान को हटाना ही सबसे सख्त कार्रवाई होगी: कॉजपा ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा
प्रधान को हटाना ही सबसे सख्त कार्रवाई होगी: कॉजपा ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाले विधेयक को संसद में पेश किए जाने की घोषणा के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ सरकार की ओर से उठाया जाने वाला ‘सबसे कड़ा कदम’ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाना होगा।
कॉजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘मोदी जी, कल धर्मेंद्र प्रधान को हटा दीजिए। यह सबसे सख़्त कार्रवाई है जो आप कर सकते हैं।’
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी प्रधानमंत्री की घोषणा पर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक व्यक्ति बिना चारदीवारी वाले परिसर का गेट बंद करता नजर आ रहा है। इसे प्रस्तावित कानून पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला विधेयक अगले सप्ताह संसद में पेश किया जाएगा।
उन्होंने कहा था कि नीट प्रश्नपत्र लीक के आरोप सामने आने के बाद सरकार ने कई कदम उठाए हैं, जिनमें त्वरित अदालतों की व्यवस्था करना शामिल है।
उन्होंने यह भी कहा कि मामले में जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


