दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी में बाइक सवार हमलावरों ने जिम प्रशिक्षक की गोली मारकर हत्या की

दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी में बाइक सवार हमलावरों ने जिम प्रशिक्षक की गोली मारकर हत्या की

Modified Date: September 15, 2026 / 01:04 am IST
Published Date: September 15, 2026 1:04 am IST

नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) दक्षिण दिल्ली के आया नगर में सोमवार सुबह बाइक सवार दो हमलावरों ने एक जिम प्रशिक्षक की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को इस हत्या के पीछे व्यक्तिगत दुश्मनी का संदेह है।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं यह वारदात गांव में लंबे समय से चली आ रही रंजिश से तो नहीं जुड़ी है। यह वारदात फतेहपुर बेरी इलाके में हंसा चौक के पास हुई।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस विदेश में रहने वाले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के नाम से सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट की प्रामाणिकता की भी जांच कर रही है, जिसमें उसने (हिमांशु) हत्या की जिम्मेदारी ली है।

सूत्रों ने यह भी बताया कि पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या इस दावे का हत्या से कोई संबंध है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित विजय कुमार एक जिम में था, तभी कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसे बाहर बुलाया और मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं।

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे हुई इस घटना के दौरान करीब 15 गोलियां चलाई गईं।

दक्षिण दिल्ली पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने कहा कि विजय कुमार को कई गोलियां लगीं और बाद में उसकी मौत हो गई। उनके मुताबिक, प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मौके से फरार हुए आरोपियों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीम का गठन किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या का कारण व्यक्तिगत दुश्मनी नजर आ रहा है।

विजय के चाचा देवेंद्र के अनुसार, हमलावर जानते थे कि पीड़ित जिम के अंदर है और उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए उसे बाहर बुलाया और फिर गोलीबारी की।

देवेंद्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘विजय एक जिम प्रशिक्षक था। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। उसकी एक बहन, पत्नी और दो बच्चे हैं। हमें बताया जा रहा है कि उसके सिर में दो गोलियां लगी हैं।”

उन्होंने दावा किया कि यह घटना गांव में अलग-अलग समूहों के बीच पुरानी रंजिश का परिणाम प्रतीत होती है।

देवेंद्र ने आरोप लगाया कि इस विवाद के संबंध में अतीत में भी कई लोगों की हत्या की जा चुकी है।

विजय की बहन सुधा ने कहा, ‘मेरे भाई की गांव में कभी किसी से कोई बहस या विवाद नहीं हुआ था। वह एक जिम प्रशिक्षक था और पूरी तरह से अपने काम पर ध्यान देता था। गांव में दो परिवारों के बीच लंबे समय से दुश्मनी है। मेरे भाई की गलती सिर्फ इतनी थी कि उन परिवारों में से एक के सदस्य से उसकी दोस्ती थी।’

विजय की पत्नी रितु ने कहा कि उनके पति की किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी।

उन्होंने कहा, ‘मेरे पति हर दिन सुबह 4:45 बजे उठते थे और लगभग पांच बजे जिम के लिए निकल जाते थे। गांव में दो परिवारों के बीच रंजिश रही है। मैंने अपने पति को उनसे दूरी बनाए रखने के लिए भी कहा था। लेकिन आज, उन्होंने मेरे पति को मार डाला। वह निर्दोष थे और उनका दुश्मनी से कोई लेना-देना नहीं था। दूसरों के बीच विवाद के कारण उन्हें गोली मार दी गई थी।’

आया नगर में हाल में हुई कई हिंसक घटनाओं के बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी थी। इनमें 55 वर्षीय डेयरी कारोबारी रतन लोहिया की हत्या का मामला भी शामिल है।

लोहिया की इस साल के शुरुआत में आया नगर में उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस सूत्रों ने इसे सावधानीपूर्वक रची गई साजिश बताया था। हमलावरों द्वारा कई घंटे तक टोह लेने के बाद उन पर कथित तौर पर 60 से अधिक गोलियां चलाई गई थीं।

रतन लोहिया हत्याकांड में परिजन ने आरोप लगाया था कि उनकी हत्या रामबीर लोहिया और उसके रिश्तेदारों ने कराई। उनका दावा है कि यह वारदात रामबीर के 24 वर्षीय बेटे अरुण की मौत का बदला लेने के लिए की गई, जिसकी इसी साल छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस को लोहिया हत्याकांड में गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के शामिल होने का भी संदेह है और वह इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह हमला हरियाणा के शूटर ने किया था।

पुलिस ने आधिकारिक तौर पर लोहिया की हत्या और सोमवार को विजय कुमार के कत्ल के बीच कोई संबंध स्थापित नहीं किया है।

गोलीबारी के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए इलाके में सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीम विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा

प्रचेता पारुल

पारुल


लेखक के बारे में