मदुरै में मुख्यमंत्री विजय के स्वागत के लिए भारी भीड़ जुटी, कुछ युवा बेहोश हुए

Ads

मदुरै में मुख्यमंत्री विजय के स्वागत के लिए भारी भीड़ जुटी, कुछ युवा बेहोश हुए

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 07:17 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 07:17 PM IST

मदुरै, 28 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय को देखने के लिए सोमवार को एक बार फिर लोग भारी संख्या में उमड़ पड़े, उनके चाहने वालों ने उनकी एक झलक पाने के लिए बैरीकेड तोड़ दिए और उनके समर्थन में भारी नारेबाजी की।

चिलचिलाती धूप के बावजूद मदुरै में विजय का भव्य स्वागत करने और उनकी एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ जुटी, जिसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल थे।

पुलिस के लिए स्थिति संभालना मुश्किल हो गया, क्योंकि मुख्यमंत्री के रोड शो और स्थानीय प्रतिष्ठानों के दौरों के दौरान कई लोगों ने बैरिकेड तोड़ दिए, विजय के वाहन के करीब पहुंचने का प्रयास किया और खुशी में नारे लगाए।

एक युवक ने विजय को मशहूर अभिनेता अजित कुमार के साथ ली गई उनकी तस्वीर भेंट की। मुख्यमंत्री ने अपने रोड शो के दौरान कुछ देर के लिए इस तस्वीर को अपनी गाड़ी के ऊपर से दिखाया।

स्वर्ण अंगूठी योजना शुरू करने के लिए विजय के सरकारी राजाजी अस्पताल जाने से लेकर गांधी संग्रहालय और मीनाक्षी मंदिर के उनके दौरे तक, हर जगह सड़कों के दोनों ओर समर्थक, प्रशंसक और आम लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।

कई जगहों पर सुबह से ही विजय की एक झलक पाने का इंतजार कर रहे कुछ युवा बेहोश हो गए। पुलिसकर्मी इन लोगों को तुरंत चिकित्सकीय मदद के लिए ले जाते हुए दिखाई दिए।

राजाजी अस्पताल परिसर में विजय ने एक लड़की की उनके साथ सेल्फी लेने की इच्छा पूरी की। उन्होंने खुद लड़की के साथ तस्वीर खींची।

भाषा पारुल नरेश

नरेश