फरीदाबाद की एक फैक्टरी में भीषण आग लगी, 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
फरीदाबाद की एक फैक्टरी में भीषण आग लगी, 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
फरीदाबाद, 16 फरवरी (भाषा) फरीदाबाद के सेक्टर 24 में एक फैक्टरी में सोमवार शाम भीषण आग लग जाने के बाद 35 से अधिक घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
झुलसे लोगों में से दो पुलिस कर्मी हैं, जो आग बुझाने का कार्य कर रहे थे जबकि अन्य सभी यहां कार्य करने वाले मजदूर हैं।
शाम करीब चार बजे रसायनों से भरे एक ड्रम पर चिंगारी गिरने से आग लग गई।
अधिकारियों ने बताया कि तेजी से फैली आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लगभग 20-25 ड्रम थे, जो एक के बाद एक फटते रहे। विस्फोटों से करीब 100 मीटर के दायरे में खड़े दोपहिया वाहन और कारें जलकर राख हो गईं।
दमकल कर्मियों की कई टुकड़ियों को मौके पर भेजा गया और खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पा लिया गया था।
घायलों में से 12 लोगों को बादशाह खान सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और अन्य लोग निजी अस्पतालों में भर्ती हैं।
इसी बीच, पुलिस ने जांच शुरू करने के साथ ही फैक्टरी मालिक से पूछताछ की।
भाषा यासिर अविनाश
अविनाश

Facebook


