जयपुर, छह जुलाई (भाषा) राजस्थान के जोधपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कथित रूप से एक पुलिसकर्मी को 40,000 रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया । अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार जोधपुर पुलिस आयुक्तालय के शास्त्री नगर थाने के सहायक पुलिस उप निरीक्षक (एएसआई) हरदेवराम को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया है।
ब्यूरो के बयान के अनुसार परिवादी ने शिकायत की थी कि उसके पति के साथ मारपीट का मामला शास्त्री नगर थाने में दर्ज करवाया गया ।
शिकायतकर्ता के अनुसार विरोधी पक्ष ने उसके पति एवं अन्य के खिलाफ इससे पहले ही मामला दर्ज करा दिया था तथा दोनों प्रकरणों का अनुसंधान हरदेवराम कर रहा था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि एएसआई ने उसके पति एवं उसके साथी को उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे में मदद करने के एवज में 50000 रुपए बतौर रिश्वत मांगे।
बयान के मुताबिक ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को परिवादी के निवास पर 40,000 रुपए बतौर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार