नयी दिल्ली/अहमदाबाद, 22 जुलाई (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने गुजरात के अंकलेश्वर में एक रिहायशी इलाके से संचालित मेफेड्रोन बनाने की एक गुप्त इकाई का भंडाफोड़ करते हुए अवैध मादक पदार्थ के निर्माण एवं उसकी तस्करी के गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ़्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक बयान में बताया गया है कि डीआरआई अधिकारियों ने एक पूरी तरह से चालू अवैध प्रयोगशाला का पता लगाया जहां मेफेड्रोन बनाने के लिए ‘इंडस्ट्रियल ओवन ड्रायर’, ‘हॉट प्लेट हीटर’, ‘कंडेंसर असेंबली’, ‘इलेक्ट्रिक स्टिरर’ जैसे उन्नत मशीनें एवं उपकरण लगे थे।
डीआरआई ने 1.349 किलोग्राम मेफेड्रोन और प्रतिबंधित मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन भारी मात्रा में ज़ब्त किये।
बयान के अनुसार आरोपियों के आवासीय परिसरों पर एक साथ की गई तलाशी में 20 लाख रुपये बरामद हुए, जिनके बारे में माना जा रहा है कि यह अवैध मादक पदार्थ तस्करी से हासिल हुई रकम है।
बाद में डीआरआई अधिकारियों ने उस व्यक्ति को पकड़़ा जो मादक पदार्थ की खेप लेने वाला था। डीआरआई अधिकारियों ने उससे एक लाख रुपये और बरामद किए। यह रकम मेफेड्रोन की डिलीवरी के लिए पेशगी थी।
बयान में कहा गया है कि मेफेड्रोन को आम बोलचाल में ‘म्याऊ म्याऊ’, ‘एमडी’, ‘एम-कैट’ या ‘ड्रोन’ कहा जाता है।
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश