उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक झोपड़ी में घुसे बीमार तेंदुए की इलाज के दौरान मौत

Ads

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक झोपड़ी में घुसे बीमार तेंदुए की इलाज के दौरान मौत

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 04:55 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 04:55 PM IST

लखीमपुर खीरी (उप्र), छह जुलाई (भाषा) लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा इलाके में एक झोपड़ी में घुसने के बाद पकड़कर लाये गये एक बीमार मादा तेंदुए की उपचार के दौरान मौत हो गयी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

दुधवा बाघ अभयारण्य (डीटीआर) के क्षेत्र निदेशक डॉक्टर एच. राजमोहन ने बताया कि रविवार को धौरहरा इलाके के सिसैया गांव में एक झोपड़ी में तेंदुए के घुस जाने की सूचना मिलने पर वनकर्मियों को उसे बचाने के लिए मौके पर भेजा गया था।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों को निगरानी के दौरान पता चला कि मादा तेंदुए को दौरे पड़ रहे थे और वह पहले से ही बीमार थी।

राजमोहन ने कहा, ‘‘तेंदुए को पूरी सावधानी के साथ बचाया गया और सोमवार तड़के इलाज के लिए धौरहरा रेंज मुख्यालय लाया गया।’’

दुधवा बफर जोन की उप निदेशक कीर्ति चौधरी ने कहा, ‘‘तमाम कोशिशों के बावजूद तेंदुए को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।’’

उन्होंने भी पुष्टि की कि लगभग तीन वर्षीय तेंदुए को दौरे पड़ते थे, लेकिन उसकी मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार