कर्नाटक के चंद्रद्रोणा पहाड़ी पर ट्रेकिंग के दौरान केरल की एक छात्रा लापता
कर्नाटक के चंद्रद्रोणा पहाड़ी पर ट्रेकिंग के दौरान केरल की एक छात्रा लापता
चिक्कमगलुरु (कर्नाटक), आठ अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के चंद्रद्रोणा पर्वत श्रृंखला में स्थित माणिक्यधारा जलप्रपात की यात्रा के दौरान केरल की कक्षा 10वीं की एक छात्रा लापता हो गयी, जिसके बाद तलाश अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि लड़की लगभग 40 रिश्तेदारों के एक समूह का हिस्सा थी, जो पलक्कड़ से आए थे।
पुलिस के अनुसार, वह मंगलवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे अपने परिवार के साथ जलप्रपात पर थी, तभी लापता हो गई। परिवार ने रात लगभग आठ बजे तक उसकी तलाश की और फिर अधिकारियों को सूचना दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग के कर्मियों ने इलाके में तलाश अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि अभियान रात भर जारी रहा।
लड़की का पता लगाने के लिए सुबह साढ़े चार बजे तक थर्मल ड्रोन तैनात किया गया।
अधिकारी ने बताया कि आपदा प्रबंधन दल आज सुबह से ही तलाश अभियान में शामिल हो गए हैं और अभियान अभी भी जारी है।
कर्नाटक के वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्री ईश्वर खंड्रे ने नाबालिग लड़की को ढूंढने के लिए वन विभाग को जिला प्रशासन और पुलिस की सहायता करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने एक बयान जारी कर कहा कि कुमारी श्रीनंदा मंगलवार शाम को उस वक्त लापता हो गयी, जब वह चंद्रद्रोणा पहाड़ी पर ट्रेकिंग के लिए आई थी।
हालांकि, ट्रेकिंग मार्ग वन विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है।
मंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र पहाड़ियों, टीलों और घने वनों जैसी वनस्पतियों से युक्त है, इसलिए विभाग की सहायता आवश्यक है।
भाषा
राखी माधव
माधव

Facebook


