जम्मू कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद का एक प्रमुख पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया

जम्मू कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद का एक प्रमुख पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया

जम्मू कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद का एक प्रमुख पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया
Modified Date: January 23, 2026 / 09:21 pm IST
Published Date: January 23, 2026 9:21 pm IST

जम्मू, 23 जनवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक प्रमुख पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने बताया कि बिल्लावार इलाके में एक संयुक्त अभियान के दौरान आतंकवादी को मार गिराया गया।

जम्मू पुलिस प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘बिल्लावार में सेना और सीआरपीएफ के साथ संयुक्त अभियान में जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक पाकिस्तानी जैश आतंकवादी को मार गिराया।’

अधिकारियों ने मृत आतंकवादी की पहचान जैश-ए-मोहम्मद कमांडर उस्मान उर्फ ​​’अबू माविया’ के रूप में की है। उन्होंने बताया कि परहेतर क्षेत्र के एक सुदूर गांव में चलाए गए अभियान के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए, जिसमें एक एम4 स्वचालित राइफल भी शामिल है।

सेना के राइजिंग स्टार कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक अलग पोस्ट में कहा, ‘विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर सेना और पुलिस ने 23 जनवरी को परहेतर क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया। संयुक्त बलों की सटीक कार्रवाई में एक विदेशी आतंकवादी को मार गिराया गया।’

इसमें कहा गया है कि आखिरी रिपोर्ट मिलने तक तलाशी अभियान जारी था।

अधिकारियों ने बताया कि उस्मान जैश-ए-मोहम्मद के सबसे वांछित आतंकवादियों में से एक था और वह पिछले कुछ वर्षों से उधमपुर-कठुआ क्षेत्र में सक्रिय था।

उन्होंने बताया कि वह अतीत में कई मुठभेड़ों से बच निकला था।

अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त तलाशी दल ने एक घर पर छापा मारा और वहां छिपे एक आतंकवादी ने उन पर गोलियां चलाई। तलाशी दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ कुछ ही मिनट तक चली और उन्होंने इस खूंखार आतंकवादी के मारे जाने को सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता बताया।

इस बीच सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को छठे दिन भी किस्तवाड़ जिले के चतरू क्षेत्र में सोनार, मन्द्रल-सिंहपोरा और आसपास के जंगलों में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों की तलाश के लिए अभियान जारी रखा।

अधिकारियों ने बताया कि इलाके में हिमपात के बावजूद अभियान जारी रखा गया।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में