पंजाब के फिरोजपुर में आवारा कुत्ते ने दो साल के बच्चे पर हमला किया, लोगों ने कार्रवाई की मांग की
पंजाब के फिरोजपुर में आवारा कुत्ते ने दो साल के बच्चे पर हमला किया, लोगों ने कार्रवाई की मांग की
फिरोजपुर, नौ सितंबर (भाषा) पंजाब के फिरोजपुर में दो साल के एक बच्चे पर आवारा कुत्ते के हमले से लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है और निवासी रिहायशी इलाकों में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के एक समूह ने बुधवार को उपायुक्त दीप्ति शिखा शर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात की और और प्रशासन से आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए तत्काल और निरंतर प्रयास शुरू करने की मांग की, खासकर उन इलाकों में जहां बच्चे और बुजुर्ग अक्सर आते-जाते हैं।
यह घटना सोमवार शाम फिरोजपुर छावनी क्षेत्र में हुई, जब दो वर्षीय राघव अपने घर के बाहर खेल रहा था और तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया।
परिवार के अनुसार, कुत्ते ने बच्चे को बुरी तरह नोच लिया और करीब 10 मिनट तक उसे पकड़े रखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।
हमले में राघव के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और कुत्ते के दांत उसके गालों में धंस गए। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
राघव के पिता कपिल ने बताया कि बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं और इतनी कम उम्र में उसे कई सर्जरी से गुजरना पड़ सकता है। चिकित्सकों ने संक्रमण के खतरे को कम करने के लिए शल्य चिकित्सा कराने की सलाह दी है।
इस घटना का वीडियो इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज सामने आने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गयी है और उन्होंने आवासीय इलाकों में घूम रहे आवारा कुत्तों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।
अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों को भरोसा दिलाया कि आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और उनके लिए आश्रय स्थल बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
भाषा शुभम शफीक
शफीक

Facebook


