आप ने दिल्ली की मतदाता सूची में राघव चड्ढा का नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर निर्वाचन आयोग से मांगा जवाब

आप ने दिल्ली की मतदाता सूची में राघव चड्ढा का नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर निर्वाचन आयोग से मांगा जवाब

आप ने दिल्ली की मतदाता सूची में राघव चड्ढा का नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर निर्वाचन आयोग से मांगा जवाब
Modified Date: September 9, 2026 / 10:26 pm IST
Published Date: September 9, 2026 10:26 pm IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने निर्वाचन आयोग (ईसी) से राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर बुधवार को स्पष्टीकरण मांगा। पार्टी ने आयोग से संबंधित फॉर्म-6 सार्वजनिक करने और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए समय देने की मांग की।

आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि निर्वाचन आयोग को स्पष्ट करना चाहिए कि चड्ढा ने नया मतदाता पंजीकरण कराने वाला फॉर्म-6 कब और कहां भरा था।

ढांडा ने राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के रिकॉर्ड का हवाला देते हुए दावा किया कि एक से सात सितंबर के बीच प्राप्त फॉर्म-6 आवेदनों में चड्ढा का नाम शामिल नहीं है।

उन्होंने कहा, “निर्वाचन आयोग ने बताया है कि किसी मतदाता का नाम फॉर्म-6, फॉर्म-7 या फॉर्म-8 के माध्यम से जोड़ा जा सकता है। अगर चड्ढा का नाम फॉर्म-6 के जरिये जोड़ा गया है तो आयोग को बताना चाहिए कि यह कब जमा किया गया और यह कहां उपलब्ध है।”

ढांडा ने कहा कि मतदाता के निवास स्थान में बदलाव के लिए इस्तेमाल होने वाला फॉर्म-8 इस मामले में लागू नहीं होता, जबकि फॉर्म-7 का इस्तेमाल मतदाता सूची में दर्ज नामों पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए किया जाता है।

ढांडा के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने कहा कि 31 अगस्त को जारी मतदाता सूची के मसौदे में निर्वाचन क्षेत्र के केवल क्रम संख्या 746 तक के मतदाता ही शामिल थे।

उन्होंने सवाल किया कि जब अंतिम मतदाता सूची अभी तक प्रकाशित नहीं हुई है, तो चड्ढा का नाम क्रम संख्या 747 पर कैसे आ सकता है।

ढांडा ने कहा, “अंतिम मतदाता सूची चार नवंबर को प्रकाशित होनी है। निर्वाचन आयोग को स्पष्ट करना चाहिए कि अंतिम सूची जारी होने से पहले 747वीं क्रम संख्या कैसे दिखाई दे रही है।”

इस मामले पर निर्वाचन आयोग या राघव चड्ढा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में