हरियाणा के फिरोजपुर झिरका में आंधी के दौरान उड़ी टिन की चादर युवक की गर्दन से टकराई, मौत
हरियाणा के फिरोजपुर झिरका में आंधी के दौरान उड़ी टिन की चादर युवक की गर्दन से टकराई, मौत
गुरुग्राम, नौ जून (भाषा) हरियाणा के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के भोंड गांव में मंगलवार शाम तेज आंधी के दौरान टिन की चादर उड़कर 18 वर्षीय एक छात्र की गर्दन से टकरा गई जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान भोंड गांव निवासी आकिल के रूप में हुई है। वह 12वीं कक्षा का छात्र था।
पुलिस ने बताया कि आकिल अपने घर के बरामदे में बैठा था तभी अचानक मौसम बदल गया और आंधी आ गई तथा तेज हवाओं के कारण पास में लगा टिन का शेड उखड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टिन की चादर तेज रफ्तार से उड़कर सीधे आकिल की गर्दन पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसके शरीर से बहुत खून बहने लगा।
परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत मंडीखेड़ा स्थित अल-आफिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रविवार और मंगलवार को लगातार आई आंधी से फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आंधी के कारण व्यापक नुकसान हुआ है। सैकड़ों पक्षियों की मौत हो गई, पेड़ उखड़ गए, कुछ इलाकों में कच्चे मकान ढह गए और बिजली के 30 से अधिक खंभे गिर गए।
प्राधिकारियों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहने और टिन शेड तथा बिजली के खंभों जैसे कमजोर ढांचों के पास नहीं रुकने की सलाह दी है।
इस बीच, ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों के लिए पर्याप्त मुआवजे और भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए आपदा प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
भाषा
सिम्मी संतोष
संतोष

Facebook


