कोलकाता, 24 सितंबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले खेमे के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने चुनावी पर्यवेक्षकों के एक कथित व्हॉट्सएप ग्रुप के ‘स्क्रीनशॉट’ साझा करते हुए बृहस्पतिवार को निर्वाचन आयोग (ईसी) पर अपना हमला तेज कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस ग्रुप में मतदाता सूची से 30 लाख नाम हटाने की कथित ‘साजिश’ पर सवाल खड़े किये गए थे।
बनर्जी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सीधे निशाने पर लेते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच निर्वाचन आयोग के कामकाज पर सवाल उठाए।
डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘पर्यवेक्षकों के एक व्हाट्सएप ग्रुप का यह स्क्रीनशॉट अप्रैल का है। यह मतदाता सूची से 30 लाख नाम हटाने की कथित साजिश पर गंभीर सवाल उठाता है। इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, इसे दबाया नहीं जा सकता और इसका जवाब खामोशी से नहीं दिया जा सकता।’
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को देश की जनता के सामने ‘‘गंभीर सवालों’’ के जवाब देने होंगे।
बनर्जी ने कहा, ‘‘भारत देख रहा है। भारत सवाल पूछ रहा है और भारत जवाब मांगेगा।’’
बनर्जी द्वारा साझा किए गए दो कथित स्क्रीनशॉट में पर्यवेक्षकों के समूह के एक सदस्य ने दावा किया कि एक मुद्दे पर निर्वाचन आयोग के निर्देश अलग-अलग राज्यों के लिए अलग-अलग थे।
इन स्क्रीनशॉट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और ‘पीटीआई-भाषा’ द्वारा इनकी प्रामाणिकता तथा पूर्ण संदर्भ की तत्काल पुष्टि नहीं की जा सकी है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव