बंगाल में 2021 के चुनाव-बाद हिंसा मामले का फरार आरोपी नांदेड़ से गिरफ्तार

Ads

बंगाल में 2021 के चुनाव-बाद हिंसा मामले का फरार आरोपी नांदेड़ से गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 08:40 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 08:40 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामलों में वांछित एक फरार आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से फरार आरोपी को महाराष्ट्र के नांदेड़ से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, खालिद-उज-जमां उत्तर 24 परगना जिले के उत्तर कलसारा गांव में तीन मई, 2021 को हसनूर जमां की हत्या के मामले में वांछित था। यह घटना विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद हुई थी, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को बड़ी जीत मिली थी।

सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि खालिद-उज-जमां जांच में कभी शामिल नहीं हुआ और उसे नांदेड़ जिले के येताला गांव से गिरफ्तार किया गया। प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘सीबीआई ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के 19 अगस्त, 2021 के आदेश के अनुपालन में एक सितंबर, 2021 को दत्तापुकुर थाने की प्राथमिकी संख्या 286/2021 को अपने हाथ में लेकर इस मामले को दर्ज किया था।’’

उन्होंने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने 2021-22 के दौरान खालिद-उज-जमां सहित 13 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र और पूरक आरोपपत्र दाखिल किए थे।

बयान में कहा गया, ‘‘आरोपी को ट्रांजिट रिमांड के लिए धर्माबाद की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद उसे पश्चिम बंगाल के बारासात स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत में पेश करने के लिए कोलकाता लाया जाएगा।’’

भाषा अमित अविनाश

अविनाश