राजस्थान में उचित मूल्य की 841 नयी दुकानें खोलने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन: मंत्री

राजस्थान में उचित मूल्य की 841 नयी दुकानें खोलने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन: मंत्री

राजस्थान में उचित मूल्य की 841 नयी दुकानें खोलने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन: मंत्री
Modified Date: February 19, 2026 / 04:27 pm IST
Published Date: February 19, 2026 4:27 pm IST

जयपुर, 19 फरवरी (भाषा) राजस्थान में उचित मूल्य की 841 नयी दुकानें खोलने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। सरकार ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अब तक 841 नयी उचित मूल्य दुकानें खोलने के लिए विज्ञप्तियां जारी की गई हैं। इनमें से 442 दुकानों की चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है जबकि 399 दुकानों की प्रक्रिया प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ जिले में भी 15 नयी उचित मूल्य दुकानों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

गोदारा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा 2022-23 के बजट में 5000 खाद्य सुरक्षा उचित मूल्य की दुकानों को खोलने की घोषणा की गई थी उनमें से केवल 531 दुकानें ही खोली गईं।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक चंद्रभान सिंह चौहान द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि नियमानुसार न्यूनतम 500 राशन कार्ड एवं 2000 यूनिट पर एक उचित मूल्य दुकान खोले जाने का प्रावधान है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टरों को नियमों में शिथिलता के अधिकार प्रदान किए हैं, ताकि आवश्यकता अनुसार दुकानें खोली जा सकें।

उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा के लिए संबंधित क्षेत्र के विधायक द्वारा मांग किए जाने पर राज्य सरकार द्वारा तत्परता से उचित मूल्य की दुकान खोलने की कार्रवाई की जाएगी।

विधायक के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने कहा कि राज्य में वर्ष 2022-23 से अब तक उचित मूल्य की कुल 973 दुकानें खोली जा चुकी हैं।

भाषा पृथ्वी शफीक

शफीक


लेखक के बारे में