जयपुर, 19 जून (भाषा) राजस्थान में एक विशेष अभियान के दौरान नियम तोड़ने पर 1.24 लाख से अधिक वाहनों का चालान किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल ने बताया कि चार जून से 18 जून तक 15 दिनों के इस अभियान में पुलिस ने कुल 1,24,384 वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर अवैध ‘ब्लैक फिल्म’ लगाने के मामले में की गई है, इस सिलसिले में 46,958 चालान किए गए।
पुलिस का कहना है कि नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिह्न के लिए 31,961, वाहन, अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के लिए 17,209, वाहनों की बॉडी/चेसिस में अवैध परिवर्तन के लिए 12,232, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती के लिए 9,271 वाहन के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पालीवाल ने कहा कि सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुधारने और ‘वीआईपी कल्चर’ के नाम पर हुड़दंग एवं नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को सबक सिखाने के लिए यह विशेष अभियान पूरी ताकत से जारी है।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के कड़े निर्देशों के बाद राज्य में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार