सक्रिय मानसून से बंगाल में भारी बारिश के आसार, मछुआरों से समुद्र में न जाने की अपील: आईएमडी

सक्रिय मानसून से बंगाल में भारी बारिश के आसार, मछुआरों से समुद्र में न जाने की अपील: आईएमडी

सक्रिय मानसून से बंगाल में भारी बारिश के आसार, मछुआरों से समुद्र में न जाने की अपील: आईएमडी
Modified Date: July 24, 2026 / 04:43 pm IST
Published Date: July 24, 2026 4:43 pm IST

कोलकाता, 24 जुलाई (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को बताया कि सक्रिय मानसून के कारण 27 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश होगी और तटीय इलाकों में अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक बारिश होने के आसार हैं।

राज्य के हिमालय की तराई में स्थित जिलों में 28 जुलाई से लगातार तीन दिनों तक एक बार फिर भारी बारिश होने का अनुमान है और इन जिलों में मानसून की शुरुआत से ही अच्छी बारिश हो रही है।

आईएमडी ने मछुआरों को 28 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के तट और उससे लगे समुद्री क्षेत्रों तथा उत्तर बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने की सलाह दी है।

विभाग के अनुसार, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में 24 एवं 26 जुलाई को बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, झारग्राम और बांकुड़ा जिलों में 26 जुलाई तक भारी बारिश होने का अनुमान है।

दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जैसे पहाड़ी जिलों में 28 जुलाई से लगातार तीन दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों में उत्तर 24 परगना के बसीरहाट में सबसे अधिक 185 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई। इसके अलावा कैनिंग में 105 मिमी, सागर द्वीप में 104 मिमी, कांथी में 101 मिमी, हल्दिया में 78 मिमी और दीघा में 73 मिमी बारिश दर्ज की गई।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में