नैनीताल में दूषित पेयजल आपूर्ति के मामले में छह इंजीनियर निलंबित

नैनीताल में दूषित पेयजल आपूर्ति के मामले में छह इंजीनियर निलंबित

नैनीताल में दूषित पेयजल आपूर्ति के मामले में छह इंजीनियर निलंबित
Modified Date: September 21, 2026 / 11:07 pm IST
Published Date: September 21, 2026 11:07 pm IST

देहरादून, 21 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र में सोमवार को दूषित पेयजल की आपूर्ति के मामले में एक प्रभारी अधीक्षण अभियंता (एसई) और एक अधिशासी अभियंता (ईई )सहित छह इंजीनियरों को अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।

अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर नैनीताल जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गयी ।

राज्य में जनस्वास्थ्य से जुड़े किसी भी मामले में पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई की गई है।

जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ की शिकायत मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने शीर्ष अधिकारियों को पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया था।

इसी क्रम में नैनीताल जिला प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर उत्तराखंड जल संस्थान और पेयजल निगम के छह इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया ।

निलंबित इंजीनियरों में जल संस्थान हल्द्वानी के प्रभारी अधीक्षण अभियंता, नैनीताल जल संस्थान के सहायक अभियंता, अपर सहायक अभियंता तथा पेयजल निगम, भीमताल के अधिशासी अभियंता, प्रभारी सहायक अभियंता तथा कनिष्ठ अभियंता शामिल हैं।

इसके अलावा, नैनीताल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को मामले में चेतावनी जारी की गयी है।

इस संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। हमारी सरकार के लिए जनहित सर्वोपरि है और जो भी अधिकारी या कर्मचारी जनता के हितों की अनदेखी करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’

ज्योलीकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति के कारण हाल में पीलिया तथा अन्य जलजनित बीमारियों के बड़ी संख्या में मामले सामने आए थे जिनमें से दो लोगों की मौत भी हुई थी।

भाषा दीप्ति शोभना

शोभना


लेखक के बारे में