नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत नोट लिखकर फिल्म निर्माता और अपने मित्र सूरज बड़जात्या को उनके 62वें जन्मदिन पर बधाई दी और कहा कि उनकी फिल्में ‘मूल्यों, रिश्तों, विश्वास और अच्छाई’ से भरी होती हैं।
खेर ने फिल्म ‘सारांश’ के सेट पर फिल्म निर्माता से हुई पहली मुलाकात को याद किया। इस सेट पर बड़जात्या, महेश भट्ट के सहायक निर्देशक के रूप में काम कर रहे थे।
अभिनेता ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म निर्माता के साथ एक पोस्ट साझा की।
खेर ने कैप्शन में लिखा, ‘अतिप्रिय सूरज बड़जात्या को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। अपने शांत और गरिमापूर्ण तरीके से आप वास्तव में एक राष्ट्रीय संपत्ति हैं। जिस तरह की फिल्में आप बनाना चुनते हैं—जो मूल्यों, रिश्तों, विश्वास और अच्छाई से भरी होती हैं—आज बहुत कम लोग ऐसा करने का साहस जुटा पाते हैं।’
उन्होंने लिखा, ‘फिल्म सारांश के दिनों से लेकर आप अब जो फिल्म बना रहे हैं, मुझे आपके सफर को करीब से देखने का सौभाग्य मिला है।’
उन्होंने कहा, ‘लगातार बदल रहे इस उद्योग में आप अपने इस विश्वास पर अडिग रहे हैं कि अच्छाई काम करती है। इस विश्वास ने करोड़ों दिलों को छुआ है।’
खेर ने बड़जात्या द्वारा निर्देशित कई फिल्मों में काम किया है, जिनमें ‘हम आपके हैं कौन’ (1994), ‘विवाह’ (2006) और ‘ऊंचाई’ (2022) शामिल हैं।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव