बलिया/प्रतापगढ़ (उप्र), 23 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के दो जिलों में अवैध तरीके से धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में एक पादरी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बलिया जिले की पुलिस ने बताया कि सिकंदरपुर कस्बे के जलपा चौक मोहल्ले के गौतम गौड़ की तहरीर पर बिहार के पटना की न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी निवासी पादरी जोसे थॉमस के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की सुसंगत धाराओं में रविवार रात मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि सिकंदरपुर कस्बे के वार्ड संख्या-पांच में स्थित डॉ. फरीद के मकान में रविवार दोपहर पादरी जोसे थॉमस 15 से 20 महिलाओं और बच्चों को अपने धर्म का प्रचार और प्रलोभन देते हुए हिंदू धर्म से ईसाई धर्म में परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था।
शिकायत में दावा किया कि पादरी ने उन्हें भी लालच दिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी पादरी थॉमस को सोमवार सुबह गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से ईसा मसीह से संबंधित 124 पुस्तकें बरामद की हैं।
एक अन्य मामले में, प्रतापगढ़ जिले के अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि मध्यप्रदेश के सागर जिले के निवासी संतोष शुक्ला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों से जेठवारा थाना क्षेत्र के कुटिलिया गांव निवासी बदरुलजमा, कल्लू, नईम और निजाम ने उसे बंधक बनाकर रखा तथा उससे अपने घर का काम व धर्मविरोधी कार्य कराते रहे।
राय ने बताया कि शुक्ला ने दावा किया कि आरोपियों ने उसकी सहमति के बिना उसका धर्म परिवर्तन कराकर उसका नाम शेर अली खान रख दिया और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे उसका फर्जी आधार कार्ड भी शेर अली खान के नाम से बनवाया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि 20 फरवरी को शुक्ला ने भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों और उनके पांच-छह अज्ञात साथियों ने उसे रास्ते में पकड़ लिया जिसके बाद मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
राय ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर बदरुलजमा, कल्लू, नईम और निजाम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बदरुलजमा को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।
भाषा सं. सलीम खारी जितेंद्र
जितेंद्र