अभिनेता दंपत्ति सूर्या और ज्योतिका ने अपने विवाह के वचन फिर से भरे
अभिनेता दंपत्ति सूर्या और ज्योतिका ने अपने विवाह के वचन फिर से भरे
चेन्नई , 16 सितंबर (भाषा) अभिनेता दंपत्ति सूर्या और ज्योतिका ने विवाह के बंधन के 20 वर्ष पूरा होने के अवसर पर विवाह के वचनों को फिर से भरा।
इस जोड़ी ने करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में एक निजी विवाह समारोह आयोजित कर अपनी शादी की 20वीं सालगिरह मनाई।
दोनों ने 11 सितंबर 2006 को शादी की थी और उनके दो बच्चे दिया और देव हैं।
ज्योतिका ने अपने पति सूर्या के लिए भावुक संदेश के साथ शादी समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए।
वीडियो में ज्योतिका अपने बेटे के साथ समारोह में पहुंचती नजर आ रही हैं, जबकि उनकी बेटी सूर्या के साथ थीं।
अभिनेत्री ने पोस्ट में लिखा, ‘‘द सीक्वल – 20 साल के प्यार और संघर्ष का जश्न मनाते हुए विवाह के वचनों का नवीनीकरण। अरे नहीं, यह एक आदर्श शादी का जश्न नहीं है। यह कमियों, एक-दूसरे के अनुसार ढलने, समझ, त्याग और निस्वार्थ प्रेम का जश्न है। यह ‘हम’ का जश्न है।’’
ज्योतिका ने अपने संदेश में कहा कि जो सपना कभी वास्तविकता से दूर लगता था, वह अब हकीकत बन चुका है और वह अपनी बाकी जिंदगी इसे संजोकर बिताना चाहती हैं।
उन्होंने लिखा, ‘‘…मैं सबसे ज्यादा हमारी दोस्ती को संजोने का संकल्प लेती हूं – क्योंकि अपने बराबर के साथी, विश्वासपात्र, गपशप के साथी और सबसे अच्छे दोस्त को एक ही मनुष्य विशेष में पाना दुर्लभ है, जो मेरा पति और मेरे बच्चों का पिता भी है। तो हमारे अगले 20 वर्षों के नाम..हमारी अपूर्णता और हमारी परिपूर्ण समझ के साथ।’’
भाषा
राखी माधव
माधव

Facebook


