अभिनेता गौरव गेरा ने संघर्ष के दिनों का एक खास पत्र साझा किया
अभिनेता गौरव गेरा ने संघर्ष के दिनों का एक खास पत्र साझा किया
नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) फिल्म ‘धुरंधर’ में मोहम्मद आलम नाम के किरदार से प्रशंसा बटोर चुके अभिनेता गौरव गेरा ने एक पुराना पत्र साझा किया है जो उन्होंने 1998 में मुंबई आने पर अपने माता-पिता को लिखा था।
गेरा ने कहा कि अभिनय के पेशे में उनका सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। अभिनेता के मुताबिक वह अपने माता-पिता को उनके समर्थन के लिए और अपने जज्बे को धन्यवाद देना चाहते हैं जिसने दिल्ली से पहली बार आने पर सभी उथल-पुथल के बीच मजबूत बने रहने में मदद की।
उन्होंने रविवार को इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘ मुंबई आने के एक महीने से कम समय में 28 साल पहले यह पत्र मैंने अपने माता-पिता को तीन दिसंबर 1998 को लिखा था। उस समय कोई ईमेल नहीं था इसलिए पत्र लिखा। बेशक उसके बाद खूब टीवी, कुछ फिल्में, विज्ञापन फिल्में, संगीत नाटक, रेडियो, टिक टॉक, रील्स… उतार-चढ़ाव से भरा एक प्यारा सफर रहा… लेकिन इस धुरंधर के बाद… पता नहीं भविष्य में क्या होगा… लेकिन मैं आशावान बने रहने के लिए खुद को और माता-पिता को उनके अथाह समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।’’
गेरा ने पत्र में अपने माता-पिता को बताया था कि उनके पास अभी तक पैसे कमाने का कोई जरिया नहीं है, लेकिन यहां अवसर दिल्ली की तुलना में बेहतर हैं।
पत्र में उन्होंने लिखा था, ‘‘अन्य खर्चों में टेलीफोन, बिजली, गैस और पानी के बिल और भोजन शामिल हैं। मम्मी . पापा, भविष्य उज्ज्वल है लेकिन मुझे अभी बहुत कुछ सीखना है।’’
गेरा को पहली बार लोकप्रिय धारावाहिक ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ में जस्सी (मोना सिंह ने इस किरदार को निभाया था)के सबसे अच्छे दोस्त नंदू के रूप में प्रसिद्धि मिली। उन्होंने ‘कोई अपना सा’, ‘बात हमारी पक्की है’ और फिल्म ‘क्यूं…! हो गया ना’, ‘दसविदानिया’ और ‘वुडस्टॉक विला’ में भी अभिनय किया।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


