अभिनेता प्रसनजीत चटर्जी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की
अभिनेता प्रसनजीत चटर्जी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की
कोलकाता, नौ जुलाई (भाषा) बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार प्रसनजीत चटर्जी ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ में मुलाकात की और कहा कि इस बैठक के दौरान ‘‘राजनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई’’।
उनकी इस मुलाकात को लेकर हालांकि नयी राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं, क्योंकि यह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाल में राज्य के दौरे के दौरान अभिनेता के आवास पर जाने के कुछ दिनों बाद हुई।
‘नबन्ना’ से रवाना होने से पहले पत्रकारों से चटर्जी ने कहा कि महान अभिनेता उत्तम कुमार की 100वीं जयंती के समारोह की तैयारियों और बांग्ला फिल्म उद्योग से जुड़े मुद्दों को लेकर बातचीत हुई।
ढाई सौ से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके अभिनेता ने कहा, ‘‘राजनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई।’’
राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद, नौ मई को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद प्रमुख हस्तियों में चटर्जी भी शामिल थे।
हाल में अमित शाह ने अभिनेता के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी, जिससे यह अटकलें तेज हो गईं कि वह भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर सकते हैं। चटर्जी को कला और भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए इस वर्ष पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


