कार से बाइक की भिड़ंत में दो लोगों के घायल होने पर अभिनेता राजू गिरफ्तार, जमानत पर रिहा
कार से बाइक की भिड़ंत में दो लोगों के घायल होने पर अभिनेता राजू गिरफ्तार, जमानत पर रिहा
तिरुवनंतपुरम, छह फरवरी (भाषा) केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में अभिनेता मणियनपिल्ला राजू की कार से हुई टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार घटना के वक्त अभिनेता कार चला रहे थे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
घायलों की पहचान सूरज (20) और निदेव (20) के रूप में हुई है, जो तिरुवनंतपुरम के निवासी हैं।
म्यूजियम थाना पुलिस के अनुसार, यह हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 9.30 बजे वेल्लायंबलम–वाझुथक्कड़ मार्ग पर त्रिवेंद्रम क्लब के सामने हुआ।
पुलिस ने बताया कि सुब्रमणियम हॉल में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राजू अपनी कार से वेल्लायंबलम–वाझुथक्कड़ मार्ग पर जा रहे थे, तभी उनकी कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। पुलिस ने कहा कि अभिनेता ने वाहन नहीं रोका और घायलों की सहायता किए बिना मौके से चले गए।
मौके पर एकत्र लोगों ने दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनके शरीर में कई ‘फ्रैक्चर’ की पुष्टि की।
पुलिस ने बताया कि कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, जान को खतरे में डालने वाले कृत्य और दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता न करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि वाहन अभिनेता मणियनपिल्ला राजू ही चला रहे थे।
शुक्रवार सुबह म्यूजियम थाने पहुंचे राजू ने संवाददाताओं से कहा कि एक मोटरसाइकिल उनकी कार से टकराई थी, जिसकी पुष्टि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद होगी।
उन्होंने कहा, “मैं सड़क पार करने के लिए धीरे-धीरे कार चला रहा था, तभी मोटरसाइकिल वाहन से टकरा गई। मैंने आवाज सुनी और किसी को गिरते हुए देखा। वहां से निकलने के बाद मैंने एक व्यक्ति से संपर्क करके एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा।”
राजू ने पुष्टि की कि कार वह स्वयं चला रहे थे और स्वास्थ्य कारणों से वह मौके से चले गए थे। उन्होंने कहा, “मैं कैंसर का मरीज हूं और हाल ही में मुझे चिकनगुनिया भी हो गया है। इसके अलावा, मेरी पत्नी घर पर अकेली थीं।”
अभिनेता ने बताया कि उन्होंने पुलिस से संपर्क करके रात में थाने आने में असमर्थता जताई थी और सुबह उपस्थित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि वाहन पुलिस को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस राजू को सरकारी अस्पताल ले गई, जहां शराब पीकर गाड़ी चलाने की जांच के लिए उनका रक्त परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में उन्हें पुलिस थाने लाया गया, जहां उनकी गिरफ्तारी औपचारिक रूप से दर्ज की गई और उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने राजू की कार को भी बरामद कर म्यूजियम पुलिस थाने भेज दिया है, जहां मोटर वाहन विभाग (एमवीडी) द्वारा उसकी जांच की जाएगी।
इस बीच, तिरुवनंतपुरम शहर के पुलिस आयुक्त के. कार्तिक ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त को राजू को हिरासत में लेने में हुई देरी सहित मामले के सभी पहलुओं की जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
भाषा राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


