आवास परियोजना धोखाधड़ी मामले में अभिनेत्री नुसरत कोलकाता में ईडी के समक्ष पेश

Ads

आवास परियोजना धोखाधड़ी मामले में अभिनेत्री नुसरत कोलकाता में ईडी के समक्ष पेश

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 02:48 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 02:48 PM IST

कोलकाता, 22 अप्रैल (भाषा) अभिनेत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद नुसरत जहां बुधवार को एक आवास परियोजना से जुड़े धोखाधड़ी मामले के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सॉल्ट लेक स्थित कार्यालय में पेश हुईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

जहां अपने अभिनेता पति यश दासगुप्ता के साथ सुबह सीजीओ कॉम्प्लेक्स पहुंचीं लेकिन उन्होंने पत्रकारों से बात करने से इनकार कर दिया।

ईडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्हें आवास धोखाधड़ी मामले की जारी जांच के सिलसिले में तलब किया गया है क्योंकि पिछले कुछ महीनों में कुछ नई जानकारियां सामने आई हैं, जिसके चलते उनकी पेशी जरूरी थी।’’

अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी द्वारा राजारहाट में एक आवास परियोजना से जुड़े धोखाधड़ी के आरोपों की जांच की जा रही है जहां एक कंपनी ने फ्लैट उपलब्ध कराने के वादे पर खरीदारों से कथित तौर पर पैसे लिए लेकिन उन्हें फ्लैट उपलब्ध नहीं कराए। जांच के दायरे में आई कंपनी में नुसरत जहां पहले निदेशक के रूप में जुड़ी थीं।

इससे पहले 2023 में इसी मामले के सिलसिले में एजेंसी ने अभिनेत्री से करीब छह घंटे तक पूछताछ की थी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शंकुदेव पांडा द्वारा दर्ज कराई गई इस शिकायत में आरोप लगाया था कि 2014-15 के दौरान इस फर्म ने 400 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को धोखा दिया था, जिन्हें 1,000 वर्ग फुट के फ्लैट देने का वादा किया गया था और इसके बदले में उनसे लगभग 5.5 लाख रुपये प्रति व्यक्ति लिए गए थे।

शिकायतकर्ताओं को कथित तौर पर न तो फ्लैट मिले और न ही धन वापस मिला।

नुसरत जहां ने सभी आरोपों से इनकार किया है, जिसमें कंपनी में निदेशक के रूप में उनके इससे संबंध के आरोप भी शामिल हैं।

भाषा यासिर नरेश

नरेश