अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने आमिर खान को नजरअंदाज करने संबंधी वीडियो पर जताई नाराजगी

Ads

अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने आमिर खान को नजरअंदाज करने संबंधी वीडियो पर जताई नाराजगी

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 03:16 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 03:16 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने उस वीडियो को लेकर नाराजगी जताई है, जिसमें दावा किया गया था कि उन्होंने आमिर खान को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सामग्री ‘क्लिकबेट’ के अलावा और कुछ नहीं है।

‘क्लिकबेट’ एक ऐसा भ्रामक या सनसनीखेज शीर्षक होता है जो व्यक्ति का ध्यान खींचने के लिए बनाया जाता है।

इंटरनेट पर साझा किए गए इस वीडियो में अभिनेत्री अपनी वैनिटी वैन से बाहर निकलती दिख रही हैं और फोटोग्राफरों से रास्ता पूछते हुए कह रही हैं, “कहां जाना है?” इसके बाद वह आमिर खान को देखे बिना उनके पास से गुजर जाती हैं। वीडियो का शीर्षक था, “प्रीति जिंटा ने आमिर खान को नजरअंदाज कर दिया।”

अभिनेत्री ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने आमिर को देखा ही नहीं था।

उन्होंने लिखा, “इस तरह की ‘क्लिकबेट’ सामग्री बिल्कुल सही नहीं है। मैंने आमिर को नहीं देखा क्योंकि मैं अंदर शूट करने की जल्दबाजी में थी और फिर ‘बंटवारा 1947’ के प्रचार के लिए भी मुझे जाना था। अगर आपका इरादा किसी भी तरह की नकारात्मकता को बढ़ावा देना है, तो अगली बार मुझसे यह उम्मीद न रखें कि मैं रुककर तस्वीरें खिंचवाऊंगी। मेरे मन में आमिर के लिए बहुत प्यार और सम्मान है, इसलिए इस तरह की बात करना बिल्कुल उचित नहीं है।”

प्रीति जल्द ही फिल्म ‘बंटवारा 1947’ में नजर आने वाली हैं। राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित इस फिल्म का निर्माण खान के प्रोडक्शन बैनर ‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ के तहत किया गया है। फिल्म 14 अगस्त को रिलीज होगी।

भाषा प्रचेता देवेंद्र

देवेंद्र