‘लेजर लाइट’ से पायलट का ध्यान बंटा, कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरने से पहले विमान ने चक्कर काटा

Ads

‘लेजर लाइट’ से पायलट का ध्यान बंटा, कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरने से पहले विमान ने चक्कर काटा

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 04:22 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 04:22 PM IST

कोलकाता, नौ अगस्त (भाषा) कुआलालंपुर से शनिवार को 159 यात्रियों लेकर कोलकाता आ रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच-184 के लिए यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई (एनएससीबीआई) अड्डे पर उतरने के दौरान तब समस्या खड़ी हो गयी जब पायलट का ध्यान ‘लेजर बीम’ से भटक गया था। हवाई अड्डा सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि इस उड़ान को शनिवार रात 11:20 बजे उतरना था, लेकिन जब विमान रनवे से लगभग आठ नॉटिकल मील दूर था, तो पायलट ने कथित तौर पर मध्यमग्राम-बारासात की तरफ से कॉकपिट की ओर आती हुई एक तेज ‘लेजर लाइट’ नजर आयी।

सूत्रों के अनुसार विमान रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर विमानतल पर उतरा तथा सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताये जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक अचानक ‘लेजर लाइट’ की चमक से पायलट की नजर पर असर पड़ा और वह कुछ पल के लिए भ्रमित हो गया, जिसकी वजह से विमान तय समय पर उतर नहीं कर सका और दोबारा उतरने की कोशिश करने से पहले उसे आसमान में चक्कर लगाने पड़े।

इस घटना के बाद एयरलाइन ने हवाई अड्डा अधिकारियों को जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता हवाई अड्डा अधिकारियों ने एनएससीबीआई थाने में शिकायत भी दर्ज कराई।

कोलकाता हवाई अड्डे के निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि हवाई अड्डे के आस-पास ‘लेज़र लाइट’ का इस्तेमाल मना है, लेकिन ऐसी घटनाएं कभी-कभी होती हैं और इनसे विमानों के परिचालन पर असर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि यह मामला पुलिस अधिकारियों के ध्यान में लाया गया है और वे इसकी जांच कर रहे हैं।

पायलटों ने पहले भी प्रस्थान एवं आगमन के दौरान ‘लेजर बीम’ से अपनी नजर पर असर पड़ने की शिकायतें की हैं।

भाषा राजकुमार रंजन

रंजन