पत्तनमथिट्ठा (केरल), 25 अप्रैल (भाषा) शबरिमला मंदिर के नोडल अधिकारी अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एस श्रीजित ने तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टर के पहाड़ी मंदिर के पास कम ऊंचाई पर उड़ान से जुड़े मामले में विशेष आयुक्त को प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंप दी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) का हेलीकॉप्टर बृहस्पतिवार दोपहर मंदिर परिसर के पास कम ऊंचाई पर उड़ा था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
आईसीजी ने एक बयान में कहा कि क्षेत्र में घने बादल और मौसम खराब होने के कारण विमान अपने निर्धारित मार्ग से भटक गया और पंबा पहाड़ियों के ऊपर पहुंच गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त विशेष आयुक्त ने घटना पर नोडल अधिकारी से रिपोर्ट मांगी थी जिसे शुक्रवार रात सौंप दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट में विस्तृत जांच की सिफारिश की गई है, क्योंकि हेलीकॉप्टर सन्निधानम में कई इमारतों की छतों के बेहद करीब से गुजरा जिससे नुकसान हो सकता था।
अधिकारियों ने बताया कि पत्तनमथिट्ठा जिला पुलिस प्रमुख को मामले की जांच सौंपी गई है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इस बारे में पुलिस या जिला प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी गई थी कि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर को कम ऊंचाई पर उड़ान भरनी पड़ी जबकि शबरिमला मंदिर और इसके परिसर को राज्य सरकार ने विशेष सुरक्षा क्षेत्र घोषित किया हुआ है।
विशेष आयुक्त के केरल उच्च न्यायालय को जल्द ही रिपोर्ट सौंपने की संभावना है।
पुलिस ने घटना के संबंध में केरल पुलिस अधिनियम की धारा 118(ई) के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा जानबूझकर ऐसा कृत्य करने से संबंधित है जिससे जनता को खतरा हो या जनसुरक्षा प्रभावित हो।
हालांकि, प्राथमिकी में किसी को आरोपी नहीं बनाया गया है।
भाषा
सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल