आदित्य धर की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने वैश्विक स्तर पर 1,088 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की

Ads

आदित्य धर की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने वैश्विक स्तर पर 1,088 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 03:34 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 03:34 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) आदित्य धर की फिल्म ‘‘धुरंधर: द रिवेंज’’ ने रिलीज के पहले सप्ताह में ही वैश्विक स्तर पर 1,088 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है, जिससे यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक बन गई है।

जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के अनुसार, रणवीर सिंह अभिनीत इस थ्रिलर फिल्म ने रिलीज होने के आठवें दिन तक भारत में 814 करोड़ रुपये और विदेशों में 274 करोड़ रुपये का सकल राजस्व अर्जित किया।

फिल्म निर्माताओं ने एक बयान में कहा कि ‘‘धुरंधर: द रिवेंज’’ ने अपने पहले सप्ताह के हर दिन रिकॉर्ड कमाई की है।

फिल्म निर्माताओं ने कहा, ‘‘ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ की सीक्वल ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और दुनिया भर में 1000 करोड़ रुपये तक सबसे तेज पहुंचने, रिलीज के पहले सप्ताहांत में सबसे ज्यादा कमाई करने और किसी भी भारतीय फिल्म के लिए वैश्विक स्तर पर अब तक सप्ताह के दिनों में शानदार कमाई के नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है।’’

फिल्म ने पहले चार दिनों में वैश्विक स्तर पर 761 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म की रफ्तार सप्ताह के दिनों में भी बरकरार रही और इसने भारत में सोमवार को 64 करोड़ रुपये, मंगलवार को 58 करोड़ रुपये, बुधवार को 49 करोड़ रुपये और बृहस्पतिवार को 53 करोड़ रुपये की कमाई की।

यह फिल्म एक ही भाषा में एक दिन में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली भारतीय फिल्म भी बन गई।

धर की 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘‘धुरंधर’’ की अगली कड़ी यह फिल्म 19 मार्च को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज हुई।

इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी मुख्य भूमिका में हैं।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप